महंगाई ने बढ़ाई चिंता: अक्टूबर में खुदरा दर 6.09% पहुंची, प्याज के दाम में 116% उछाल
देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर 2026 में बढ़कर 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) पर पहुंच गई है। सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत (फाइनल) दर्ज की गई थी। यानी एक महीने में महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही खुदरा महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 प्रतिशत की ऊपरी सहनशीलता सीमा को पार कर गई है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.41 प्रतिशत रही। खाद्य महंगाई में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सितंबर के 7.74 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.68 प्रतिशत रही।
प्याज के दाम में सबसे ज्यादा उछाल
अक्टूबर में सालाना आधार पर जिन वस्तुओं की कीमतों में सबसे ज्यादा वृद्धि हुई, उनमें प्याज सबसे ऊपर रहा। प्याज के दाम 116.22 प्रतिशत बढ़े। इसके अलावा लहसुन 60.74 प्रतिशत, सिल्वर ज्वेलरी 52.39 प्रतिशत, अदरक 48.32 प्रतिशत और नींबू 47.30 प्रतिशत महंगे हुए।
वहीं, कुछ खाद्य वस्तुओं की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। आलू के दाम में 14.24 प्रतिशत, फूलगोभी में 10.57 प्रतिशत, नारियल में 5.60 प्रतिशत, बैंगन में 3.34 प्रतिशत और पत्तागोभी में 1.92 प्रतिशत की कमी आई।
इन राज्यों में महंगाई सबसे ज्यादा
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में तमिलनाडु 7.29 प्रतिशत महंगाई दर के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद तेलंगाना में 7.26 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश में 7.25 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 7.19 प्रतिशत और ओडिशा में 7.17 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई।
1407 शहरी बाजारों और 1465 गांवों से जुटाए आंकड़े
मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के फील्ड ऑपरेशंस डिवीजन के कर्मचारी सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में साप्ताहिक आधार पर बाजारों से कीमतों का आंकड़ा जुटाते हैं। इसके लिए 1407 शहरी बाजारों, जिनमें ऑनलाइन बाजार भी शामिल हैं, और 1465 गांवों में व्यक्तिगत रूप से जाकर वास्तविक समय में मूल्य संबंधी जानकारी एकत्र की जाती है। अक्टूबर के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में आंकड़ों का रिस्पॉन्स रेट 100 प्रतिशत रहा।



