रायपुर रायपुर में गैंगवार: दो गुटों के बीच चाकूबाजी और मारपीट, युवक गंभीर घायल

रायपुर  रायपुर में गैंगवार: दो गुटों के बीच चाकूबाजी और मारपीट, युवक गंभीर घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बार फिर गैंगवार की घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान लाठी-डंडों के साथ चाकू का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार विवाद मोहसिन गैंग और दूसरे पक्ष के उत्तम एवं पंकज गुट के बीच हुआ। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बुधवार को सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पंडरी तालाब के पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर चाकू भी निकल आए। इस दौरान पंकज नामक युवक के सिर पर चाकू लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूत्रों के अनुसार दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। हाल ही में केंद्रीय जेल में बंद गैंग से जुड़े विवाद के बाद तनाव और बढ़ गया था। इसी विवाद की पृष्ठभूमि में यह हिंसक झड़प हुई। घटना में मोहसिन की भी पिटाई होने की जानकारी सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों की पहचान शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश और गैंग गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि झड़प में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा घटना की पूरी साजिश क्या थी।