बी.पी. मशीन की आड़ में कोकीन मंगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

बी.पी. मशीन की आड़ में कोकीन मंगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने बी.पी. मशीन की आड़ में कोरियर के जरिए कोकीन मंगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर का निवासी है। आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 2.27 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और एक महंगा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 20.27 लाख रुपये बताई गई है।

कोरियर से मंगाई जा रही थी कोकीन
जांच में सामने आया है कि आरोपी अन्य राज्यों से कोरियर के माध्यम से कोकीन मंगाता था। पुलिस को सूचना मिली थी कि देवेन्द्र नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने वाहन में मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा।

तलाशी के दौरान वाहन से एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ, जिसमें बी.पी. मशीन बताकर भेजा गया था। जब पुलिस ने मशीन की जांच की, तो उसके अंदर कोकीन छिपाकर रखी गई थी। पूछताछ में आरोपी ने गोलमोल जवाब देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

कोरियर फर्म की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कोरियर सेवा का दुरुपयोग किया गया है। संबंधित कोरियर फर्म के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में नशे के कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।