अमानवीय कृत्य: विधवा महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, तीन आरोपी गिरफ्तार
पेंड्रा से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। खोडरी चौकी क्षेत्र के रानीझाप गांव में एक विधवा महिला के साथ भीड़ द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि महिला को अर्ध नग्न कर पीटा गया और पूरे गांव में घुमाया गया। पीड़िता की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। पति के निधन के बाद वह गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध में थी। दोनों बीते अक्टूबर में घर से चले गए थे और मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रह रहे थे। शुक्रवार को जब वे गांव लौटे, तो विवाद की स्थिति बनी। मामले को लेकर दोनों पक्ष खोडरी चौकी भी पहुंचे, जहां महिला ने उस व्यक्ति के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद सभी वापस गांव लौट आए।शनिवार सुबह गांव में हालात अचानक बिगड़ गए। आरोप है कि पुरुष के परिजनों ने महिला पर हमला कर दिया। उसे निर्वस्त्र किया गया, गोबर पोता गया और मारपीट करते हुए गांव के मुख्य मार्ग से काली मंदिर तक घुमाया गया। इस दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। महिला को कपड़े पहनाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पूरे घटनाक्रम ने गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



