75 हजार का बिजली बिल नहीं भरा तो सरकारी दफ्तर की ही बत्ती गुल!
बिजली बिल बकाया होने पर आम उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटने की खबरें तो अक्सर सामने आती हैं, लेकिन जगदलपुर में बकाया भुगतान नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के डिवीजन और उप डिवीजन कार्यालय का ही बिजली कनेक्शन काट दिया गया। करीब 75 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है।
कनेक्शन कटते ही कार्यालय में अंधेरा छा गया। बिजली गुल होने के कारण दफ्तर का कामकाज भी प्रभावित हुआ। स्थिति यह रही कि SDO को अंधेरे कमरे में बैठना पड़ा, जबकि कर्मचारी कार्यालय से बाहर खड़े होकर बिजली बहाल होने का इंतजार करते नजर आए।
लंबे समय से बकाया था बिजली बिल
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवीजन एवं उप डिवीजन कार्यालय पर विद्युत कंपनी का करीब 75 हजार रुपये का बिल लंबित था। भुगतान नहीं होने पर विद्युत कंपनी ने नोटिस और वसूली अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए कनेक्शन काट दिया।
बिजली कटने के बाद कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा। एसडीओ ए.के. कुंजाम ने बताया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
सरकारी कार्यालय पर भी बिजली कंपनी की सख्ती
विद्युत कंपनी जगदलपुर शहरी संभाग के कार्यपालन अभियंता एनआर भगत के अनुसार, बकाया बिजली बिलों के भुगतान के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी किए गए हैं। कंपनी के डिस्कनेक्शन अभियान के तहत ही राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय की बिजली काटी गई।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों पर बकाया बिजली बिल को लेकर विद्युत कंपनी की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन बकाया भुगतान के कारण काटे जाने की रिपोर्ट सामने आ चुकी है।
कर्मचारियों को बिजली बहाली का इंतजार
कनेक्शन कटने के बाद कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे। विद्युत कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बकायादार शासकीय विभागों से लंबित राशि जमा करने का अनुरोध किया है।
ऐसे में अब विभाग के सामने बकाया बिल का भुगतान कर बिजली कनेक्शन जल्द बहाल कराने की चुनौती है।



